सेवा तीर्थ में मोदी कैबिनेट की पहली बैठक आज: एजेंडा के साथ ‘गुड न्यूज’ साझा करने की परंपरा जारी

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज केंद्रीय कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। खास बात यह है कि यह बैठक प्रधानमंत्री के नए कार्यालय परिसर ‘सेवा तीर्थ’ में होगी।
हाल ही में पीएम मोदी ने इस आधुनिक और सुविधाजनक भवन का उद्घाटन किया था और अब यहां पहली बार पूरी कैबिनेट बैठक हो रही है। इससे पहले 13 फरवरी को आखिरी कैबिनेट मीटिंग साउथ ब्लॉक स्थित पुराने प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई थी, जिसके बाद कार्यालय को औपचारिक रूप से सेवा तीर्थ में शिफ्ट कर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, पिछली बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने साउथ ब्लॉक से जुड़ी कई ऐतिहासिक और भावनात्मक यादें मंत्रियों के साथ साझा की थीं। उन्होंने बताया था कि आजादी के बाद देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की शुरुआती कैबिनेट बैठकें राष्ट्रपति भवन में हुई थीं और साउथ ब्लॉक में देश के कई बड़े और ऐतिहासिक फैसले लिए गए। उन्होंने यह भी बताया कि देश के चार बड़े युद्धों के दौरान साउथ ब्लॉक के वॉर रूम से रणनीति तैयार की गई थी।
प्रधानमंत्री मोदी की कैबिनेट बैठकों की खास बात यह है कि यहां केवल एजेंडा तक चर्चा सीमित नहीं रहती। वे मंत्रियों से उनके-अपने मंत्रालयों से जुड़ी प्रगति, फीडबैक और सुझाव भी लेते हैं। साथ ही हर मंत्री से यह अपेक्षा की जाती है कि वह सप्ताह की कोई एक ‘गुड न्यूज’ जरूर साझा करे। यह अच्छी खबर किसी योजना की सफलता, किसी महत्वपूर्ण उपलब्धि या फिर व्यक्तिगत जीवन से जुड़ी प्रेरक घटना भी हो सकती है।
सूत्रों के अनुसार, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, रेलवे, शिक्षा, आईटी जैसे मंत्रालयों से जुड़ी सकारात्मक खबरें अक्सर इन बैठकों में साझा की जाती हैं, जिससे बाकी मंत्रियों को भी प्रेरणा मिलती है। प्रधानमंत्री की यह पहल कैबिनेट के सदस्यों में सकारात्मक सोच, आपसी संवाद और बेहतर कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने का काम करती है। माना जा रहा है कि सेवा तीर्थ में होने वाली इस पहली बैठक में भी विकास, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े कई अहम फैसलों पर चर्चा होगी।





