वित्त मंत्रालय के अधिकारी को BMW कार ने टक्कर मारी, अस्पताल में मौत

दिल्ली। दिल्ली में छावनी मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग में डिप्टी सेक्रेटरी नवजोत सिंह की BMW कार की टक्कर से मौत हो गई।
हादसे के वक्त नवजोत अपनी पत्नी के साथ बाइक से जा रहे थे। पीछे से आई तेज रफ्तार BMW ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार सवार महिला ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान नवजोत की मौत हो गई। उनकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, हादसे के बाद घायल दंपती को पास के अस्पताल में भर्ती कराने के बजाय करीब 17 किलोमीटर दूर जीटीबी नगर स्थित न्यूलाइफ अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि हादसे में कार चला रही महिला और उसका पति भी घायल हुए हैं। दोनों अस्पताल में भर्ती हैं और उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस ने कार और बाइक जब्त कर ली है। इस मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दिल्ली में पिछले छह महीनों में सड़क हादसों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। अप्रैल 2025 में पहाड़गंज इलाके में 15 साल के नाबालिग ने कार चलाते हुए दो साल की बच्ची को कुचल दिया था। वहीं, 27 अगस्त को समयपुर बादली इलाके में एक नाबालिग ने कार से 32 वर्षीय युवक को टक्कर मारी और करीब 600 मीटर तक घसीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। लगातार हो रहे इन हादसों ने दिल्ली में सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों की सख्ती पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि बिना लाइसेंस या तेज रफ्तार गाड़ी चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई जरूरी है।





