अहमदाबाद विमान हादसे के बाद से लापता फिल्ममेकर महेश, क्रैश साइट से 700 मीटर दूर थी आखिरी मोबाइल लोकेशन

अहमदाबाद:पिछले हफ्ते हुए अहमदाबाद विमान हादसे के बाद से म्यूजिक वीडियो डायरेक्टर महेश कलावाडिया का कोई सुराग नहीं मिला है। उन्हें महेश जीरावाला के नाम से भी जाना जाता है। हादसे के दिन उनकी आखिरी मोबाइल लोकेशन दुर्घटना स्थल से महज 700 मीटर दूर मिली थी, जिसके बाद से उनका फोन स्विच ऑफ हो गया। उनकी पत्नी हेतल और परिवार के सदस्य अब भी उनकी तलाश में लगे हैं।

12 जून को दोपहर 1.39 बजे लंदन जा रहा एयर इंडिया विमान सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से उड़ा और कुछ ही मिनट बाद मेघानीनगर स्थित मेडिकल कॉलेज के परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार 242 में से 241 लोगों की और ज़मीन पर मौजूद 29 लोगों की मौत हो गई। महेश की पत्नी हेतल ने बताया कि महेश दोपहर 1.14 बजे लॉ गार्डन इलाके से उन्हें कॉल कर यह जानकारी दी थी कि उनकी मीटिंग खत्म हो चुकी है और वे घर लौट रहे हैं।

लेकिन इसके बाद से न तो महेश घर लौटे और न ही उनका फोन लग रहा है। पुलिस द्वारा ट्रेस की गई मोबाइल लोकेशन के अनुसार, उनका मोबाइल हादसे की जगह से सिर्फ 700 मीटर की दूरी पर बंद हुआ। साथ ही उनका स्कूटर और मोबाइल फोन दोनों ही गायब हैं।

परिवार ने आसपास के अस्पतालों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पहचान में सहायता के लिए उन्होंने डीएनए सैंपल भी अधिकारियों को सौंपे हैं। अब तक 87 शवों की डीएनए से पहचान की जा चुकी है, जिनमें से 42 को परिजनों को सौंप दिया गया है।

परिवार की चिंता इस बात को लेकर भी है कि महेश उस रास्ते से कभी घर नहीं लौटते थे, जहां उनकी आखिरी लोकेशन मिली। यह हादसा और उनका अचानक गायब हो जाना, सबकुछ बहुत असामान्य है। परिवार ने शहर में पोस्टर लगाकर भी लोगों से मदद की अपील की है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button