टोकन संकट से जूझ रहे किसान, धान खरीदी की लिमिट बनी बड़ी परेशानी

बिलासपुर।बिलासपुर जिले में धान खरीदी को लेकर एक बार फिर किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जिले की कई मंडियों में संचालित धान खरीदी केंद्रों की लिमिट कम होने के कारण किसान अपनी मेहनत की फसल बेचने के लिए परेशान हैं। धान खरीदी की समय-सीमा नजदीक आने के बावजूद बड़ी संख्या में किसान अब तक धान नहीं बेच पाए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों से आए किसानों का कहना है कि खरीदी केंद्रों में लिमिट पूरी हो जाने के कारण उनके टोकन नहीं कट पा रहे हैं। किसान सुबह से शाम तक केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन बिना धान बेचे ही लौटने को मजबूर हैं। इससे किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
किसानों का कहना है कि यदि समय रहते खरीदी की लिमिट नहीं बढ़ाई गई, तो तय अवधि में धान खरीदी पूरी होना मुश्किल हो जाएगा। धान बेचने में हो रही देरी से उन्हें आर्थिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।
इस मामले में जिला खाद्य अधिकारी अमृत कुजूर ने बताया कि जिन समितियों में किसानों को समस्या आ रही है, वहां स्थिति का आकलन किया जा रहा है और आवश्यकता अनुसार लिमिट बढ़ाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों का धान मानक के अनुरूप है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।
वहीं जिला प्रशासन का कहना है कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जा रहा है और चरणबद्ध तरीके से समाधान किया जा रहा है। अब देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में किसानों को राहत मिलती है या नहीं और क्या तय समय में जिले की धान खरीदी पूरी हो पाती है।





