दिल्ली लाल किला ब्लास्ट केस में फरिदाबाद के कार डीलर को हिरासत में लिया गया

दिल्ली के लाल किला के पास हुए धमाके की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जांच के दौरान पुलिस ने फरिदाबाद के एक कार डीलर को हिरासत में लिया है। आरोपी का नाम अमित बताया जा रहा है, जो Royal Car Plaza नाम से कार डीलिंग का काम करता है।
पुलिस के अनुसार, धमाके में इस्तेमाल की गई आई20 कार की खरीद में आरोपी ने मदद की थी। बताया जा रहा है कि उमर और तारीक नाम के दो लोगों ने इसी डीलर के जरिए कार खरीदी थी। जांच में सामने आया कि यह कार 29 अक्टूबर को खरीदी गई थी और 10 नवंबर की सुबह तक अल फला यूनिवर्सिटी, फरिदाबाद में खड़ी थी। इसके बाद यह बदरपुर बॉर्डर के रास्ते दिल्ली में दाखिल हुई और कई इलाकों में घूमती रही।
पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि इस कार को किसने और किस उद्देश्य से उपलब्ध कराया। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि क्या धमाका किसी बड़े इलाके को टारगेट करके किया गया था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।





