शहीदों के परिजनों को अब 50 लाख, परमवीर चक्र विजेताओं को मिलेगा 1 करोड़: मुख्यमंत्री साय की बड़ी घोषणा

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने शहीद सैनिकों और उनके परिवारों के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब युद्ध या सैनिक कार्यवाही में शहीद होने वाले जवानों की पत्नी या आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। वहीं परमवीर चक्र प्राप्त वीर जवानों को अब 40 लाख की जगह 1 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी।
यह निर्णय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित राज्य सैनिक बोर्ड की 6वीं बैठक में लिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे सैनिक देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर देते हैं। ऐसे वीर सपूतों और उनके परिवारों का सम्मान और कल्याण करना सरकार का दायित्व है।
बैठक में भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों और आश्रितों के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। इसमें सैनिकों के माता-पिता को मिलने वाली जंगी इनाम राशि 5 हजार रुपये से बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिवर्ष करना शामिल है। युद्ध या सैनिक कार्यवाही में दिव्यांग हुए जवानों की अनुदान राशि भी 10 लाख से बढ़ाकर 30 लाख रुपये कर दी गई है।
इसके अलावा सेवारत सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों और विधवाओं को पहली बार भूमि या घर खरीदने पर 25 लाख रुपये तक के स्टाम्प शुल्क में छूट देने का निर्णय भी लिया गया है।
बैठक में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों की सुरक्षा में जवान दिन-रात तैनात रहते हैं। उनके शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि उनके परिवारों को हर संभव सहायता मिले।
इस अवसर पर मुख्य सचिव अमिताभ जैन, राज्य सैनिक समिति के सचिव ब्रिगेडियर विवेक शर्मा, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और सेना के वरिष्ठ अधिकारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
यह फैसला न सिर्फ शहीद परिवारों को आर्थिक संबल देगा बल्कि सैनिकों के सम्मान को और ऊँचाई भी देगा।





