False Action: पुलिसिया रसूख से ‘फर्जी खेल’ का आरोप,मस्तूरी में रंजिश के चलते युवक को फंसाने की साजिश
अपनों को बचाने और बेगुनाह को फंसाने के लिए रची गई पटकथा, एसपी से शिकायत

बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरा से एक ऐसा मामला सामने आया है, (False Action) जिसने पुलिस प्रशासन की निष्पक्षता पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि पुलिस विभाग में ही कार्यरत कुछ कर्मचारियों ने अपने परिजनों के साथ मिलकर एक बेगुनाह युवक के खिलाफ फर्जी अपराध की पूरी कहानी रच डाली।
रंजिश के चलते न केवल खुद को चोट पहुंचाई गई, बल्कि प्रभाव का इस्तेमाल कर 10 घंटे की देरी से एक गंभीर धारा में एफआईआर भी दर्ज करा दी गई। अब इस मामले में पीड़ित पक्ष ने बिलासपुर एसएसपी के पास पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ करने की गुहार लगाई है……
अपनों को बचाने और बेगुनाह को फंसाने के लिए रची गई पटकथा, एसपी से शिकायत (False Action)
शिकायतकर्ता के अनुसार यह पूरा मामला आपसी विवाद को रंजिश में बदलकर एक पक्ष को सलाखों के पीछे भेजने की गहरी साजिश है। आरोप है कि इकबाल खान नामक व्यक्ति ने अपने बड़े पिता और भाई, जो स्वयं पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, उनके साथ मिलकर 26 फरवरी को एक काल्पनिक घटना तैयार की।
शिकायत में कहा गया है कि इकबाल खान ने सुबह 8 से 9 बजे के बीच मारपीट होने का दावा किया है, जबकि उस स्थान पर लगे सीसीटीवी फुटेज में ऐसी किसी घटना का नामोनिशान नहीं है। पीड़ित पक्ष का सीधा आरोप है कि आरोपी पक्ष ने पुलिसिया रसूख का फायदा उठाते हुए खुद के शरीर पर चोट पहुंचाई और उसे वास्तविक घटना का रूप देकर नन्चू उर्फ शंकर राठौर के खिलाफ फर्जी रिपोर्ट दर्ज करा दी…..
हैरानी की बात यह है कि जिस घटना का समय सुबह का बताया जा रहा है, उसकी रिपोर्ट घटना के करीब 10 घंटे बाद शाम 6 बजे दर्ज की गई। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि थाना प्रभारी और आरोपी पक्ष एक ही जाति के होने के कारण पुलिस ने शिकायतकर्ता की दलीलों को अनसुना कर दिया और केवल एकतरफा कार्रवाई की।
अब एसएसपी रजनेश सिँह से मांग की गई है कि आरोपी इकबाल खान और उसके फर्जी गवाहों का घटना के समय का मोबाइल लोकेशन निकाला जाए, जिससे यह साबित हो सके कि वे उस समय वहां मौजूद ही नहीं थे। पीड़ित परिवार का कहना है कि अगर मेडिकल रिपोर्ट में चोट के समय और सीसीटीवी की बारीकी से जांच हो, तो वर्दी की आड़ में रची गई यह साजिश बेनकाब हो जाएगी…….





