औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री धमाका, एक की मौत; एक घायल

दिल्ली।दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार को हुए फैक्ट्री धमाके में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। हादसा सेक्टर-1, डीएसआईआईडीसी की फैक्ट्री नंबर B-86 में हुआ। पुलिस और दमकल विभाग के अनुसार, धमाका संभवतः सिलेंडर या कंप्रेसर फटने से हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। मृतक की पहचान नजीम के रूप में हुई है, जो बिजनौर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला था। नजीम इसी फैक्ट्री में काम करता था, जो उसके पिता निजामुद्दीन की बताई जा रही है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घायल मजदूर को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने बताया कि घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका है कि फैक्ट्री में इस्तेमाल होने वाला सिलेंडर या कंप्रेसर अचानक फट गया, जिससे धमाका हुआ। पुलिस ने मौके से सबूत इकट्ठा किए हैं और फैक्ट्री के संचालन से जुड़ी जानकारी खंगाली जा रही है।

इस घटना के बाद बवाना इंडस्ट्रियल एरिया में काम करने वाले मजदूरों के बीच दहशत फैल गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का पालन सख्ती से कराया जाए ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और फैक्ट्री मालिक से पूछताछ की जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button