बिजली गुल होते ही भड़के ऊर्जा मंत्री, मंच पर अंधेरा छाते ही सस्पेंड कर दिए 5 अफसर

मुरादाबाद:उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में रविवार को ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के कार्यक्रम में उस वक्त हड़कंप मच गया जब उद्घाटन के दौरान मंच पर बिजली गुल हो गई। मंत्री के नाराज होने पर ऊर्जा विभाग ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पांच अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।

मंत्री शर्मा मुरादाबाद के कंपनी बाग में नगर निगम द्वारा बनाए गए 5D मोशन थिएटर का उद्घाटन करने पहुंचे थे। लेकिन जैसे ही वह मंच पर पहुंचे, बिजली आपूर्ति अचानक ठप हो गई। पूरे कार्यक्रम स्थल पर अंधेरा छा गया, जिससे मंत्री और मौजूद गणमान्य अतिथि असहज हो उठे। अधिकारियों को सप्लाई बहाल करने में लगभग 10 मिनट लग गए। इससे गुस्साए मंत्री ने मंच से ही अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

सूत्रों के मुताबिक, मंत्री ने तत्काल PVVNL के मैनेजिंग डायरेक्टर को फोन कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सबसे पहले जूनियर इंजीनियर ललित कुमार को सस्पेंड किया गया। फिर क्रमशः अधिशासी अभियंता प्रिंस गौतम, एसडीओ राणा प्रताप, अधीक्षण अभियंता सुनील अग्रवाल और मंडल चीफ इंजीनियर अशोक सिंघल को भी निलंबित कर दिया गया।

बिजली विभाग की इस लापरवाही को लेकर पहले से ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी नाराज थे। उन पर आरोप था कि विभाग के अधिकारी न तो फोन उठाते हैं, न ही समस्याओं का समाधान करते हैं। मंत्री के कार्यक्रम में हुई यह घटना इन शिकायतों की पुष्टि करती है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में मंत्री स्तर के कार्यक्रमों में किसी भी तरह की लापरवाही को सीधे दंडित किया जाएगा। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button