RCB की जीत पर विराट-अनुष्का के रिश्ते की भावुक कहानी: पहले अफेयर, फिर ब्रेकअप, अब IPL ट्रॉफी की खुशी में छलके आंसू

बेंगलुरु :18 साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आईपीएल 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद टीम के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली मैदान पर ही भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। विराट को उनकी पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने गले लगाकर संभाला, लेकिन विराट की भावनाएं थमने का नाम नहीं ले रही थीं। यह पल सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैन्स भी इस जोड़ी की मजबूत बॉन्डिंग देखकर भावुक हो उठे।

विराट और अनुष्का की लव स्टोरी शुरुआत से ही खास रही है। दोनों की पहली मुलाकात एक शैंपू ऐड शूट के दौरान हुई थी। हालांकि पहली नजर में प्यार नहीं हुआ, लेकिन दोनों के बीच दोस्ती गहरी होती गई। जल्द ही अफेयर की खबरें मीडिया में आने लगीं। साल 2014 में अनुष्का के घर जाते हुए विराट को स्पॉट किया गया था और इसके बाद दोनों कई बार एक-दूसरे के साथ नजर आए।

लेकिन इस रिश्ते में भी उतार-चढ़ाव आए। विराट की खराब फॉर्म के दौरान अनुष्का को ट्रोल किया गया और साल 2016 में दोनों ने एक-दूसरे को सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया। इसके बाद ब्रेकअप की खबरें चर्चा में आ गईं। हालांकि कुछ ही समय में दोनों के बीच सुलह हो गई और साल 2017 में इटली में दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद दिल्ली और मुंबई में ग्रैंड रिसेप्शन भी हुआ।

आज विराट और अनुष्का दो बच्चों वामिका और अकाय के माता-पिता हैं और साथ में लंदन में अधिक समय बिताते हैं। उनकी जिंदगी में अब धर्म और पारिवारिक शांति का विशेष स्थान है। विराट की ऐतिहासिक जीत और उस पल में अनुष्का का साथ एक बार फिर साबित करता है कि यह जोड़ी वाकई एक-दूसरे की ताकत है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button