बिहार में चुनाव की तारीखों का आज हो सकता है ऐलान, शाम 4 बजे चुनाव आयोग करेगा प्रेस कॉन्फ्रेंस

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आज सोमवार को बड़ा ऐलान हो सकता है। चुनाव आयोग आज शाम 4 बजे दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। माना जा रहा है कि इस दौरान बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों की घोषणा की जाएगी।

बिहार में 243 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है। ऐसे में आयोग को इससे पहले चुनाव संपन्न कराना होगा। बता दें कि 2020 के विधानसभा चुनाव कोरोना महामारी के बीच तीन चरणों में कराए गए थे।

राज्य के राजनीतिक दलों ने आयोग से आग्रह किया है कि चुनाव अक्टूबर के अंत में छठ पर्व के तुरंत बाद कराए जाएं ताकि अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें। क्योंकि बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर उस समय त्योहार मनाने के लिए बिहार लौटते हैं।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में हाल ही में निर्वाचन आयोग की एक टीम दो दिन के बिहार दौरे पर थी। उन्होंने बताया कि बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को खत्म हो रहा है और उससे पहले चुनाव कराए जाएंगे।

ज्ञानेश कुमार ने कहा, “बिहार चुनाव को छठ महापर्व की तरह, लोकतंत्र के महापर्व के रूप में मनाया जाएगा। बिहार ने वैशाली से लोकतंत्र को जन्म दिया है और अब यहीं से चुनाव सुधार की नई दिशा देश को मिलेगी।”

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने यह भी बताया कि बिहार में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जिससे 22 साल बाद मतदाता सूची का ‘शुद्धिकरण’ संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि एसआईआर करवाना निर्वाचन आयोग का विशेषाधिकार है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button