लैंड फॉर जॉब मामले में ईडी से पूछताछ, लालू यादव ने दिया चाय-कॉफी का ऑफर

पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू यादव को आज प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने लैंड फॉर जॉब मामले में पूछताछ के लिए तलब किया है। यह मामला 2004 से 2009 के बीच रेल मंत्रालय में हुआ था, जब लालू यादव रेल मंत्री थे। मंगलवार को उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजप्रताप यादव से भी पूछताछ की जा चुकी है।
जब लालू यादव पटना स्थित ईडी दफ्तर पहुंचे, तो अधिकारियों ने उनसे पूछा, “आप कैसे हैं? पहले आराम कर लीजिए, पानी, चाय या कॉफी कुछ लेंगे?” इस पर लालू यादव ने कहा, “ठीक बानी।” सूत्रों के अनुसार, इस बार ईडी द्वारा लंबी पूछताछ की जा सकती है, जैसा कि पिछले सत्र में 10 घंटे तक चली थी। इस मामले में लालू यादव फिलहाल जमानत पर हैं।
लैंड फॉर जॉब मामले में आरोप है कि 2004 से 2009 के बीच रेल मंत्रालय में ग्रुप-डी पदों पर नियुक्ति के दौरान रेलवे भर्ती मानकों का उल्लंघन किया गया। आरोप है कि उम्मीदवारों ने लालू यादव के परिवार के सदस्यों को भारी छूट पर जमीनें बेचीं, जिससे मनी लॉन्ड्रिंग और भ्रष्टाचार का मामला बना। ईडी की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की एफआईआर पर आधारित है, जो भ्रष्टाचार के आरोपों में लालू यादव और उनके परिवार के खिलाफ जांच कर रही है।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियां बिहार में राजनीतिक लक्ष्यों के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा, “भा.ज.पा. की सारी टीमें अब बिहार में एक्टिव हो गईं हैं। हम कानून का पालन करते हुए एजेंसियों से मिलते हैं, लेकिन ये हमे तंग करने की कोशिश कर रहे हैं। हम और मजबूत होंगे और बिहार में सरकार बनाएंगे।”
इस मामले में ईडी ने पहले भी लालू यादव और उनके परिवार के खिलाफ कई आरोप पत्र दाखिल किए हैं और अभियोजन मंजूरी भी प्राप्त की है।





