भारत दौरे पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, मोदी की तारीफ करते हुए बोले – भारत-अमेरिका की दोस्ती आने वाले वक्त की पहचान बनेगी

जयपुर। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इन दिनों भारत के चार दिवसीय दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन वे राजस्थान की राजधानी जयपुर पहुंचे और एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की और भारत-अमेरिका के बीच मजबूत होते रिश्तों पर जोर दिया।
जेडी वेंस ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक हैं। उन्होंने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं और उनमें से दो को जो नेता सबसे ज्यादा पसंद हैं, उनमें एक नाम डोनाल्ड ट्रंप का है और दूसरा नरेंद्र मोदी का। उन्होंने खास तौर पर पीएम मोदी का धन्यवाद किया कि उन्होंने उनके बेटे के 5वें जन्मदिन को याद रखा और गिफ्ट भी भेजा।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक समझौते को लेकर सहमति बन चुकी है। उन्होंने इसे ट्रंप और मोदी के विजन की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा, “हम अपने दोस्तों के साथ अच्छे सौदे करना चाहते हैं और भारत के साथ यह साझेदारी दोनों देशों के लिए फायदेमंद होगी।”
जेडी वेंस ने यह भी कहा कि अमेरिका और भारत मिलकर कई बड़े काम कर सकते हैं। दोनों देश मिलकर अत्याधुनिक तकनीकों का विकास कर सकते हैं, जो भविष्य में दोनों के काम आएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका, भारत के साथ सबसे ज्यादा सैन्य अभ्यास करता है।
अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका अब पहले से ज्यादा समझदारी से काम कर रहा है और उसने अपनी पिछली गलतियों से सबक लिया है। अमेरिका अब भारत को केवल एक सस्ते श्रम वाले देश के रूप में नहीं देखता, बल्कि एक मजबूत साझेदार के रूप में देखता है।
अंत में उन्होंने कहा, “हम उपदेश देने नहीं आए हैं कि आपको क्या करना चाहिए। हम साझेदारी करने आए हैं, ताकि एक-दूसरे से सीखें और आगे बढ़ें।”





