2.5 करोड़ की ड्रग्स बरामद, इंजीनियर समेत दो गिरफ्तार

मुंबई। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में सक्रिय दो अलग-अलग ड्रग रैकेट्स का पर्दाफाश किया है। इस अभियान के दौरान करीब 2.5 करोड़ रुपये की नशीली दवाएं जब्त की गई हैं, जिनमें एमडी, चरस और हेरोइन शामिल हैं। मामले में एक इंजीनियर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पहली कार्रवाई में एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) की आजाद मैदान यूनिट ने अंधेरी के लोखंडवाला इलाके से 40 वर्षीय इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियर एस. खान को गिरफ्तार किया। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर खान के फ्लैट पर छापा मारा गया, जहां से 1.25 करोड़ रुपये की एमडी ड्रग्स और चरस तथा 18 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। जांच में सामने आया है कि खान पिछले चार साल से अपने घर से ड्रग्स की तस्करी कर रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह ड्रग्स कहां से मंगवाता था और उसके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।
दूसरी कार्रवाई में एएनसी की कांदिवली यूनिट ने वर्सोवा जेट्टी इलाके से फैजान इरफान गौड़ (31) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 306 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1.22 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल्स व चैट की जांच जारी है। शुरुआती जांच में फैजान के एक अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। मुंबई पुलिस की ओर से बताया गया कि ड्रग्स के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।





