राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 7 फरवरी को बस्तर दौरे पर, बस्तर पंडुम का करेंगी शुभारंभ

जगदलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 7 फरवरी को बस्तर आएंगी। वे जगदलपुर के लाल बाग मैदान में होने वाले बस्तर पंडुम के संभाग स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू बस्तर आने वाली पांचवीं राष्ट्रपति होंगी। इससे पहले 8 साल पहले पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दंतेवाड़ा दौरे पर आए थे।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर लालबाग मैदान में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। सुरक्षा, यातायात, बैठक व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है। बस्तर संभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
मंच, बैरिकेडिंग, मीडिया गैलरी, पार्किंग और VVIP मूवमेंट के लिए अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं और कार्यक्रम स्थल के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है।
आदिवासी बहुल क्षेत्र होने के कारण राष्ट्रपति का यह दौरा सामाजिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले भी राष्ट्रपतियों के दौरे बस्तर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाते रहे हैं।





