उपराष्ट्रपति की रेस में थावरचंद गहलोत-ओम माथुर के नाम पर मंथन, चुनाव की तैयारी शुरू

दिल्ली। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के तीन दिन बाद निर्वाचन आयोग ने नए उपराष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही तारीखों की घोषणा की जाएगी। इस बीच, भाजपा ने उम्मीदवार की तलाश शुरू कर दी है। सबसे प्रबल दावेदार कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत माने जा रहे हैं, जबकि सिक्किम के राज्यपाल ओम माथुर का नाम भी चर्चा में है।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा ऐसे व्यक्ति को उपराष्ट्रपति बनाना चाहती है, जो प्रशासनिक अनुभव रखता हो और जातीय समीकरण में फिट बैठे। गहलोत दलित समुदाय से आते हैं, राज्यसभा में नेता रह चुके हैं और केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं। वहीं, माथुर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं और पीएम मोदी व गृह मंत्री अमित शाह के करीबी माने जाते हैं।
अगर भाजपा अपने उम्मीदवार के नाम पर एनडीए में सहमति नहीं बना पाई तो मौजूदा उपसभापति हरिवंश को भी उम्मीदवार बनाया जा सकता है। विपक्ष की ओर से भी मजबूत प्रत्याशी उतारे जाने की संभावना है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने धनखड़ के अचानक इस्तीफे पर सवाल उठाए हैं और कहा कि सिर्फ स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा असंभव लगता है।
धनखड़ ने 21 जुलाई को राष्ट्रपति को अपना त्यागपत्र सौंपा था। उनका कार्यकाल 2027 तक था। निर्वाचन प्रक्रिया 6 चरणों में पूरी होती है, जिसमें सांसद वोट करते हैं और साधारण बहुमत पाने वाले उम्मीदवार को विजेता घोषित किया जाता है। आयोग ने निर्वाचक मंडल और रिटर्निंग ऑफिसर की तैयारी शुरू कर दी है।





