नगोई समेत 35 स्कूलों में शुरू हुई डिजिटल क्लास, स्मार्ट LED पैनल से बदली सरकारी स्कूलों की तस्वीर

नगोई/बिलासपुर। बिलासपुर जिले के ग्रामीण इलाकों में अब सरकारी स्कूलों की पढ़ाई पूरी तरह नए दौर में प्रवेश कर रही है। शासकीय प्राथमिक शाला नगोई सहित जिले के 35 सरकारी स्कूलों में डिजिटल क्लास की शुरुआत कर दी गई है। यहां स्मार्ट LED पैनल के जरिए बच्चों को आधुनिक तकनीक से पढ़ाया जा रहा है, जिससे पढ़ाई अब ज्यादा रोचक और आसान हो गई है।

यह पहल HDFC बैंक के ‘परिवर्तन’ प्रोजेक्ट और समर्थ चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से की गई है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना और उनके सीखने के स्तर को बेहतर बनाना है। स्मार्ट क्लास शुरू होने से बच्चों में पढ़ाई को लेकर उत्साह साफ नजर आ रहा है, वहीं शिक्षकों को भी विषय समझाने में काफी सहूलियत मिल रही है।

नगोई स्कूल में लगाए गए स्मार्ट LED पैनल की खास बात इसका ऑल-इन-वन सिस्टम है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की समस्या को ध्यान में रखते हुए इसे इस तरह तैयार किया गया है कि बिजली चले जाने पर भी पढ़ाई न रुके। पैनल में व्हाइट बोर्ड और ग्रीन बोर्ड की सुविधा दी गई है, जिससे शिक्षक चॉक और मार्कर से पारंपरिक तरीके से भी पढ़ा सकते हैं।

प्राचार्य राकेश पाटनवार ने बताया कि स्मार्ट क्लास शुरू होने के बाद बच्चों की एकाग्रता और सीखने की क्षमता में बड़ा बदलाव आया है। विजुअल लर्निंग से बच्चे पाठ को जल्दी और बेहतर समझ पा रहे हैं। चित्रों और वीडियो के जरिए पढ़ाई होने से कठिन विषय भी आसान लगने लगे हैं।

नगोई के साथ-साथ जिले के अन्य 34 स्कूलों में भी यह व्यवस्था लागू होने से अब सरकारी स्कूलों के छात्र भी निजी स्कूलों की तरह डिजिटल शिक्षा का लाभ उठा सकेंगे। यह पहल ग्रामीण शिक्षा को नई दिशा देने और बच्चों के भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई