धमतरी: खेत में ताश खेल रहे 5 जुआरी रंगे हाथ पकड़े गए, नगद और ताश की गड्डी जब्त

धमतरी। जिले में जुआ के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में बिरेझर पुलिस चौकी की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम सिर्री और सिवनी के बीच खुले खार में ताश खेल रहे 5 जुआरियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, ये सभी लोग खुले में बैठकर ताश काट पत्ती नामक जुआ खेल रहे थे और हार-जीत के दांव पर पैसे लगा रहे थे। पुलिस ने मौके से ₹19,500 नकद और 52 पत्तियों की ताश की गड्डी जब्त की है।
गिरफ्तार किए गए जुआरियों के नाम इस प्रकार हैं:
1. अमित कुमार साहू (उम्र 27)
2. घनश्याम ध्रुव (उम्र 26)
3. टेंकुराम साहू (उम्र 27)
4. पन्नालाल साहू (उम्र 30)
5. गिरीश चंद्राकर (उम्र 37)
सभी आरोपी ग्राम अंटग, थाना कुरूद, जिला धमतरी के रहने वाले हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 03(2) के तहत मामला दर्ज किया है। जुआ पकड़ने के दौरान आरोपियों ने हंगामा भी किया, जिससे शांति भंग हुई। इसके चलते उनके खिलाफ BNS की धारा 170/125 और 135 के तहत भी केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।





