पश्चिम बंगाल के DGP सिद्धनाथ गुप्ता का कार्यकाल 6 महीने बढ़ा

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक सिद्धनाथ गुप्ता का कार्यकाल 6 महीने के लिए बढ़ा दिया है। वे 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन अब जनहित में उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य के मुख्य सचिव को पत्र भेजकर निर्देश दिए हैं। यह निर्णय केंद्रीय कैबिनेट की नियुक्ति समिति की मंजूरी के बाद लिया गया, जिसे ऑल इंडिया सर्विस (डेथ कम रिटायरमेंट बेनिफिट्स) एक्ट, 1958 के तहत स्वीकृति दी गई है।
गौरतलब है कि चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में कई बड़े प्रशासनिक बदलाव किए थे। इसी दौरान पूर्व DGP को हटाकर सिद्धनाथ गुप्ता को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
इसके अलावा, राज्य के मुख्य सचिव और गृह सचिव समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों का भी तबादला किया गया था, ताकि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराए जा सकें।
अब DGP के कार्यकाल विस्तार को चुनावी माहौल के बीच एक अहम प्रशासनिक निर्णय माना जा रहा है, जिससे राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में निरंतरता बनी रहेगी।





