नवा रायपुर में 28-30 नवंबर तक डीजी–आईजी सम्मेलन, पीएम मोदी व अमित शाह की मौजूदगी में सख्त सुरक्षा

नवा रायपुर, अटल नगर में 28 से 30 नवंबर तक होने वाले डीजी–आईजी सम्मेलन की सभी सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) में होने वाले इस राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल शामिल होंगे। पहली बार छत्तीसगढ़ इस बड़े पुलिस नेतृत्व सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, इसलिए पूरे क्षेत्र में अभूतपूर्व सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं।

कुल मिलाकर सुरक्षा व्यवस्था को तीन स्तरों में बांटा गया है, जमीनी सुरक्षा, हवाई निगरानी और रियल–टाइम रूट मॉनिटरिंग। तीन दिनों तक करीब 2000 से अधिक पुलिसकर्मी और विशेष यूनिट्स तैनात रहेंगे। 38 वरिष्ठ अधिकारी-आईपीएस और एसपीएस पूरी व्यवस्था का संचालन करेंगे। इनके साथ रायपुर और नवा रायपुर के थानों के एसएचओ और प्रशिक्षित जवान भी ड्यूटी पर रहेंगे।

पूरा अभियान एडीजीपी प्रशिक्षण दिपांशु काबरा के निर्देशन में चल रहा है। उनके साथ रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा, आईजी अजय यादव, डीआईजी प्रशांत अग्रवाल, डीआईजी अमित तुकाराम कंबले और डीआईजी डॉ. संतोष कुमार सिंह को भी जिम्मेदारियां दी गई हैं। सात एसएसपी–एसपी और 25 एसपीएस अधिकारी अलग-अलग सेक्टरों में तैनात होकर रूट सुरक्षा, फोर्स की तैनाती और आपात स्थिति से निपटने की तैयारी देख रहे हैं।

रायपुर के सी–4 सिविल लाइन्स में वरिष्ठ अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक भी हुई, जिसमें आगमन–प्रस्थान, सम्मेलन स्थल की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, वाहन व्यवस्था और कम्युनिकेशन सिस्टम पर विस्तृत ब्रीफिंग दी गई। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए डीआईजी प्रशांत अग्रवाल ने सभी जवानों को अलग से निर्देश दिए—जिसमें वीवीआईपी मार्गों को पूरी तरह साफ रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी देने पर जोर दिया गया।

सम्मेलन के दौरान भारी वाहनों पर रोक

कलेक्टर रायपुर ने सम्मेलन के दौरान नवा रायपुर क्षेत्र में मध्यम और भारी वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी है। यह रोक माना एयरपोर्ट से स्पीकर हाउस और IIM तक आने–जाने वाले सभी मुख्य मार्गों पर लागू रहेगी, ताकि वीवीआईपी मूवमेंट बिना रुकावट हो सके। परिवहन और पुलिस विभाग को आदेशों का तत्काल पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई