देवेंद्र फडणवीस होंगे महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री, महायुति ने पेश किया सरकार बनाने का दावा, गुरुवार को शपथ ग्रहण..

मुंबई। देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री होंगे। बुधवार को मुंबई स्थित भाजपा भवन में हुई पार्टी विधायक दल की बैठक में फडणवीस को विधायक दल का नेता चुना गया। अब 5 दिसंबर, गुरुवार को शपथ ग्रहण होगा।

भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद तीनों नेता यानी देवेंद्र फडणवीस के साथ ही डिप्टी सीएम बनने वाले एकनाथ शिंदे और अजित पवार राजभवन गए और सरकार बनाने का दावा पेश किया। साथ ही विधायकों के समर्थन की चिट्ठी भी सौपी।

इस तरह महाराष्ट्र की राजनीति में चली आ रही असमंजस की स्थिति आज दूर हो गई। इस बीच, मध्य प्रदेश में बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से खबर है कि देवेंद्र फड़णवीस ने महाकाल मंदिर के पुजारी को शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

मंत्रिमंडल का गठन बाद में होगा

महाराष्ट्र में गुरुवार शाम को 5 बजे नए मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। अभी देवेंद्र फडणीस के साथ ही एकनाथ शिंदे और अजित पवार ही शपथ लेंगे। मंत्रिमंडल का गठन बाद में दिया जाएगा। पहले कहा गया था कि कुछ विधायक भी शपथ ले सके हैं।

महाराष्ट्र में सरकार बनने में क्यों हुई देरी

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों का परिणाम 23 नवंबर को घोषित हुआ था। भाजपा की अगुवाई में महायुति (शिंदे शिवसेना और अजित पवार एनसीपी) ने शानदार प्रदर्शन किया और प्रचंड बहुमत हासिल किया। हालांकि आज तक मुख्यमंत्री का नाम तय नहीं हुआ था।

विपक्षी भी इस मुद्दे पर हमलावर था। कहा जा रहा था कि एकनाथ शिंदे गृह मंत्रालय चाहते हैं, जिसके लिए भाजपा तैयार नहीं है। हालांकि इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

बहरहाल, ताजा खबर यह है कि तीनों पक्षों ने समाधान निकाल लिया है। देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, जबकि शिंदे और अजित पवार डिप्टी सीएम बनेंगे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button