अमेरिकी कपास पर 100% टैरिफ लगाने की मांग, केजरीवाल ने मोदी सरकार को घेरा

अमेरिका द्वारा भारत पर 50% टैरिफ लगाने के फैसले को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी संयोजक और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने पीएम नरेंद्र मोदी पर किसानों के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अमेरिकी कपास पर लगाए गए 11% आयात शुल्क को हटाना गलत है। उन्होंने मांग की कि इस निर्णय को तुरंत वापस लिया जाए और अमेरिकी कपास पर 100% टैरिफ लगाया जाए।
केजरीवाल ने कहा कि यह फैसला ट्रंप के दबाव में लिया गया है और इससे भारत के किसान बर्बाद हो जाएंगे। उनका कहना है कि अमेरिका से आने वाली कपास भारतीय किसानों की कपास से 15-20 रुपये किलो सस्ती पड़ेगी, जिससे देश के किसानों की उपज की कोई खरीदार नहीं बचेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात, तेलंगाना, पंजाब और विदर्भ जैसे कपास उत्पादक राज्यों के किसानों पर इसका सीधा असर पड़ेगा।
उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि ट्रंप ने जब 50% टैरिफ लगाया तो भारत को भी अमेरिकी कपास पर 50% या 100% तक शुल्क लगाना चाहिए था, लेकिन मोदी सरकार झुक गई। केजरीवाल ने सवाल उठाया कि क्या पीएम मोदी अदानी को बचाने के लिए अमेरिका के दबाव में आए? उन्होंने कहा कि चीन, कनाडा और यूरोपीय संघ ने अमेरिका के टैरिफ का जवाब दिया, लेकिन भारत ने अपने किसानों के हितों की बलि दे दी।
मोदी सरकार ने हाल ही में अमेरिका में 50% टैरिफ झेल रहे कपड़ा निर्यातकों को राहत देने के लिए कपास के शुल्क मुक्त आयात को तीन महीने के लिए बढ़ाकर 31 दिसंबर तक कर दिया था। इससे पहले वित्त मंत्रालय ने 19 अगस्त से 30 सितंबर तक कपास आयात पर 11% ड्यूटी हटाने का फैसला किया था। विपक्ष अब इस पर मोदी सरकार को घेर रहा है और किसानों के समर्थन में खड़ा होने की बात कर रहा है।





