पानीडोबीर में धान खरीदी केंद्र की मांग, किसानों ने सड़क पर किया चक्का जाम

कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा क्षेत्र में मंगलवार को किसानों का गुस्सा खुलकर सामने आया। पानीडोबीर में धान खरीदी केंद्र शुरू करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में किसान सड़क पर उतर आए और चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
किसानों का कहना है कि पिछले साल यहां उपकेंद्र के रूप में धान खरीदी की गई थी, जिससे हजारों किसानों को राहत मिली थी। लेकिन इस साल अभी तक खरीदी केंद्र शुरू नहीं किया गया है। इसके कारण किसानों को दूर-दराज के केंद्रों तक जाना पड़ रहा है, जिससे समय और पैसे दोनों का नुकसान हो रहा है।
प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि हालात नियंत्रण में रहें। प्रशासन ने किसानों से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन किसान मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने पर अड़े हुए हैं।
किसानों का कहना है कि धान खरीदी की तय अवधि नजदीक है। अगर समय पर खरीदी शुरू नहीं हुई तो धान खराब होने का खतरा बढ़ जाएगा और उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
चक्का जाम के कारण इलाके में यातायात भी प्रभावित हुआ है। कई वाहन सड़क पर फंसे रहे और लोगों को वैकल्पिक रास्तों से गुजरना पड़ा। फिलहाल किसान पानीडोबीर में खरीदी केंद्र खोलने की आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं, जबकि प्रशासन ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।





