Weather:गर्मी से तप रहे दिल्ली-UP-महाराष्ट्र-गुजरात, लेकिन राजस्थान में क्यों गिरे ओले?

Weather: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिल्ली, यूपी, महाराष्ट्र और गुजरात में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जबकि राजस्थान में बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ इस बदलाव की मुख्य वजह है।
दिल्ली और यूपी में तापमान बढ़ा
दिल्ली में तापमान लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 26-28 डिग्री और न्यूनतम 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 2.2 डिग्री अधिक है। यूपी में भी गर्मी बढ़ रही है, खासकर दिन के समय तेज धूप पड़ रही है। हालांकि, रातें हल्की ठंडी बनी हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में यूपी का मौसम साफ रहेगा, लेकिन तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।
राजस्थान में क्यों गिरे ओले?
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ इलाकों में हल्की बारिश और ओलावृष्टि हुई। पश्चिमी राजस्थान में बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि पूर्वी हिस्से में मौसम शुष्क रहा। अगले दो दिनों में तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। हालांकि, अगले हफ्ते कोई नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं होगा, जिससे मौसम शुष्क बना रहेगा।
गुजरात और महाराष्ट्र में भीषण गर्मी की चेतावनी
गुजरात में बढ़ती गर्मी को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। तापमान में 2-3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। मुंबई में मार्च में ही मई-जून जैसी गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने मुंबई और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी की चेतावनी दी है।





