दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे का ट्रायल रन शुरू, सफर अब घंटों नहीं मिनटों में

दिल्ली से देहरादून का सफर अब पूरी तरह बदलने वाला है। दिल्ली–सहारनपुर–देहरादून एक्सप्रेसवे पर ट्रायल रन शुरू हो चुका है और बैरिकेडिंग हटने के बाद वाहन एक्सप्रेसवे पर दौड़ने लगे हैं। इस नए कॉरिडोर के चालू होने से 210 किलोमीटर की दूरी अब करीब ढाई घंटे में तय हो सकेगी, जबकि पहले यह सफर 5 से 6 घंटे तक का होता था।

ट्रायल रन एक महीने की देरी के बाद शुरू किया गया है। ट्रांसमिशन लाइन से जुड़ी तकनीकी समस्या के कारण पहले इसे आगे बढ़ाना पड़ा था। सहारनपुर वाले हिस्से में बिजली लाइन एक्सप्रेसवे के ऊपर से गुजरने की वजह से निर्माण और सुरक्षा में बाधा पैदा हो रही थी। लाइन सीधे बंद करने पर पूरे सहारनपुर इलाके की बिजली व्यवस्था ठप होने का खतरा था, जिसके चलते शटडाउन लेकर इस समस्या को ठीक किया गया और अब काम लगभग पूरा होने के बाद परीक्षण शुरू कर दिया गया है।

इस प्रोजेक्ट को 11,868.6 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। एक्सप्रेसवे अक्षरधाम से शुरू होकर बागपत, शामली और सहारनपुर से गुजरते हुए देहरादून तक पहुंचेगा। इसके चालू होने से यात्रियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलने और समय की बड़ी बचत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

एक्सप्रेसवे खुलने का लंबे समय से इंतज़ार कर रहे यात्रियों में ट्रायल रन शुरू होते ही उत्साह देखा गया। सड़क पर फर्राटा भर रहे एक मोटरसाइकिल सवार ने कहा है कि एक्सप्रेसवे से सफर सुगम होगा, जाम से बचाव होगा और समय बचेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए साल के मौके पर इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर सकते हैं, जिससे इसे आम लोगों के लिए आधिकारिक रूप से शुरू किए जाने की संभावना है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button