दिल्ली में ठंड ने तोड़ा तीन साल का रिकॉर्ड, न्यूनतम तापमान 9°C—शीतलहर का खतरा बढ़ा

दिल्ली-एनसीआर में सर्दी ने इस बार समय से पहले ही जोर पकड़ लिया है। राजधानी में रविवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो पिछले तीन वर्षों में नवंबर महीने का सबसे कम तापमान है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह सामान्य से काफी नीचे है और यह साफ संकेत है कि इस साल दिल्ली में कड़ाके की सर्दी पड़ सकती है।
दिल्ली में पिछले एक हफ्ते से तापमान लगातार गिर रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि रविवार को दर्ज हुआ 9 डिग्री न्यूनतम तापमान 2022 और 2023 के पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ गया। 2022 में नवंबर का न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जबकि 2023 में यह 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। इस बार दर्ज हुआ तापमान तीन वर्षों में सबसे कम है, जो राजधानी में तेजी से बढ़ती ठंड का संकेत दे रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड और तेज़ हो सकती है। यदि तापमान इसी स्तर पर बना रहता है, तो नवंबर में एक दशक बाद शीतलहर की औपचारिक घोषणा भी की जा सकती है। सोमवार की सुबह भी तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जिससे संकेत मिलता है कि ठंड लगातार बढ़ रही है।
दिल्ली में अगले दो दिनों के दौरान सुबह के समय धुंध और हल्का कोहरा रहने की संभावना जताई गई है। इससे विजिबिलिटी पर असर पड़ेगा और लोगों को सुबह-सवेरे गाड़ियों की हेडलाइट्स व फॉग लैंप्स का उपयोग करने की आवश्यकता पड़ सकती है। इसके अलावा, राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे ठंड और भी बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अचानक तापमान में गिरावट के चलते स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने खासकर बुजुर्गों, बच्चों और अस्थमा मरीजों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।
दिल्ली में नवंबर की इस सर्द सुबह ने आने वाले कड़ाके की ठंड का अंदाजा पहले ही दे दिया है और अब राजधानी के निवासियों को तेज ठिठुरन का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा।





