पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

मस्तूरी। ग्राम गतौरा में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। यह घटना 22 मई की है, जब पीड़ित संतोष कांत अपने बेटे शशिकांत के साथ दुकान में बैठा था।
इसी दौरान नशे की हालत में समुद्र खाण्डे दुकान पहुंचा और पानी का पाउच खरीदा। उसने पैसे दिए बिना ही पाउच फाड़कर शशिकांत के सिर पर फेंक दिया। जब इसका विरोध किया गया, तो समुद्र गाली-गलौच करने लगा और जान से मारने की धमकी देकर चला गया।
कुछ समय बाद समुद्र अपने छोटे भाई शिव खाण्डे के साथ वापस आया और दोनों ने मिलकर शशिकांत को फिर से धमकाया। इस दौरान शिव खाण्डे ने लोहे की पट्टीनुमा रॉड से शशिकांत के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बीच-बचाव करने आए शशिकांत के पिता संतोष कांत, मां अशोक बाई और चाचा सतराम कांत पर भी हमला किया गया।
घटना की शिकायत मस्तूरी थाने में की गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी शिव खाण्डे को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने हमला करने में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





