मां-बाप के रिश्ते में दरार बनी बेटी की मौत की वजह, रायपुर में छात्रा ने की आत्महत्या

रायपुर के सुंदरनगर इलाके में साइंस कॉलेज की एमएससी छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान 25 वर्षीय प्रज्ञा शर्मा के रूप में हुई है, जो सुंदरनगर के रामजी कुंज में किराए के मकान में रहती थी। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें छात्रा ने लिखा है कि उसकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है।
जानकारी के अनुसार, प्रज्ञा शर्मा मूल रूप से बेमेतरा जिले की निवासी थी। वह रायपुर में रहकर पढ़ाई कर रही थी। 17 अक्टूबर को उसकी एक सहेली जब उससे मिलने उसके कमरे पर पहुंची, तो दरवाजा अंदर से बंद नहीं था। सहेली ने जब अंदर जाकर देखा, तो प्रज्ञा की लाश पंखे के हुक से फांसी पर लटकी मिली। सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि छात्रा ने अपने सुसाइड नोट में स्पष्ट लिखा है कि उसकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। हालांकि, उसने यह भी उल्लेख किया कि उसे अपने पिता का प्यार कभी नहीं मिला। जांच में यह बात सामने आई है कि प्रज्ञा के माता-पिता के बीच लंबे समय से मतभेद थे और दोनों अलग रह रहे थे। पिता बीमार हैं जबकि मां महासमुंद जिले में शासकीय सेवा में पदस्थ हैं।
पुलिस पिछले नौ दिनों से इस मामले की जांच कर रही है, लेकिन खुदकुशी के पीछे के सटीक कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि पारिवारिक कलह और माता-पिता के रिश्ते में आई दरार ने छात्रा को मानसिक रूप से कमजोर कर दिया था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और छात्रा के दोस्तों व परिजनों से पूछताछ जारी है ताकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।





