बांग्लादेश में डार की BNP नेताओं से मुलाकात, सियासत गरमाई

पाकिस्तान के विदेश मंत्री और उप प्रधानमंत्री इशाक डार के बांग्लादेश दौरे ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। डार ने शेख हसीना की मुख्य विपक्षी पार्टी बांग्लादेश नेशनल पार्टी (BNP) समेत जमात-ए-इस्लामी और नेशनल सिटीजन पार्टी (NCP) के नेताओं से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय पर हुई है जब बांग्लादेश में कुछ महीनों बाद आम चुनाव होने वाले हैं और शेख हसीना के पतन के बाद अंतरिम सरकार और पाकिस्तान के बीच नजदीकियां बढ़ी हैं। माना जा रहा है कि मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार के सीमित समय को देखते हुए पाकिस्तान अब अपनी रणनीति बदल रहा है और बांग्लादेश को सरकार परिवर्तन के बाद भी अपने पाले में रखने की तैयारी कर रहा है।

शनिवार शाम डार BNP महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर से मिले, जहां स्थायी समिति के सदस्य डॉ. अब्दुल मोईन खान, अमीर खासरू महमूद चौधरी, सेलिमा रहमान, उपाध्यक्ष अल्ताफ हुसैन चौधरी और आयोजन सचिव शमा ओबैद भी मौजूद थे। बैठक करीब 55 मिनट चली और इसे पाकिस्तान उच्चायोग में आयोजित किया गया। BNP मीडिया सेल के सदस्य सैरुल कबीर खान के अनुसार, इस दौरान द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा हुई, हालांकि BNP ने बैठक के बाद कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया।

बताया जा रहा है कि इशाक डार रविवार शाम पूर्व प्रधानमंत्री और BNP अध्यक्ष खालिदा जिया से भी उनके गुलशन स्थित आवास ‘फिरोजा’ में मुलाकात करेंगे। शनिवार को ढाका पहुंचे पाकिस्तानी उप प्रधानमंत्री का हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विदेश सचिव असद आलम सियाम ने स्वागत किया। माना जा रहा है कि डार की यह मुलाकातें बांग्लादेश के आगामी चुनावों में पाकिस्तान की भूमिका और प्रभाव को लेकर नए संकेत दे रही हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button