CTET फरवरी 2026 के लिए पंजीकरण शुरू, 8 फरवरी को ऑफलाइन परीक्षा, 18 दिसंबर तक करें आवेदन

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने CTET फरवरी 2026 परीक्षा की अधिसूचना जारी करते हुए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 18 दिसंबर तक परीक्षा के लिए पंजीकरण कर सकते हैं। परीक्षा 8 फरवरी 2026 को देशभर में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी और यह पूरी तरह पेन–पेपर (ऑफलाइन) मोड में होगी।
CBSE द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक, CTET आवेदन 27 नवंबर 2025 से स्वीकार किए जा रहे हैं। उम्मीदवार 23 से 26 दिसंबर तक अपने आवेदन फॉर्म में ऑनलाइन सुधार कर सकेंगे। एडमिट कार्ड 6 फरवरी 2026 से डाउनलोड के लिए उपलब्ध होंगे। CTET परीक्षा 8 फरवरी 2026 को आयोजित होगी, जिसमें पेपर–II सुबह 9:30 बजे से 12:00 बजे तक और पेपर–I दोपहर 2:30 बजे से 5:00 बजे तक लिया जाएगा।
CTET के तहत दो पेपर आयोजित किए जाते हैं। पेपर–I उन अभ्यर्थियों के लिए है, जो कक्षा 1 से 5 तक पढ़ाना चाहते हैं, जबकि पेपर–II कक्षा 6 से 8 तक शिक्षण की पात्रता के लिए आयोजित होता है। पेपर–I के लिए 12वीं के बाद 4 वर्षीय B.Ed या 12वीं के बाद D.El.Ed करने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। वहीं पेपर–II के लिए ऐसे अभ्यर्थी पात्र हैं, जिन्होंने B.Ed पूरा कर लिया हो या अंतिम वर्ष में हों, साथ ही ग्रेजुएशन में 50% अंक होना अनिवार्य है।
आवेदन शुल्क वर्ग अनुसार तय किया गया है। सामान्य और OBC श्रेणी के उम्मीदवारों को एक पेपर के लिए ₹1,000 शुल्क देना होगा, जबकि दोनों पेपर के लिए यह शुल्क ₹1,200 रहेगा। SC, ST और दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों को एक पेपर के लिए ₹500 और दोनों पेपर के लिए ₹600 शुल्क जमा करना होगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि CTET परीक्षा में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है, ऐसे में आवेदन से पहले पात्रता, शुल्क और दस्तावेज़ों की सही जांच सुनिश्चित करनी चाहिए। CTET उत्तीर्ण करना सरकारी और निजी स्कूलों में शिक्षक भर्ती के लिए एक प्रमुख अनिवार्य योग्यता मानी जाती है। CBSE ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा ओएमआर आधारित ऑफलाइन मोड में होगी और इसका आयोजन केंद्रों पर सख्त निगरानी में किया जाएगा।





