सड़क पर मगरमच्छ, लोगों में हड़कंप; वन विभाग ने पकड़कर नदी में छोड़ा

वडोदरा (गुजरात)। शहर के फतेहगंज इलाके में गुरुवार रात एक विशाल मगरमच्छ के सड़कों पर घूमने से हड़कंप मच गया। यह घटना विश्वामित्री नदी के पास हुई, जहां बड़ी संख्या में मगरमच्छ पाए जाते हैं। जब लोगों ने भारी-भरकम मगरमच्छ को रास्ते पर चलता देखा, तो कई ने गाड़ियां रोक दीं और मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सतर्कता के साथ मगरमच्छ को रेस्क्यू किया। फिर उसे विश्वामित्री नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया। जानकारी के अनुसार, इस नदी में लगभग 300 मगरमच्छ रहते हैं, जो अक्सर बाढ़ या अन्य कारणों से रिहायशी इलाकों में भटक जाते हैं।
आखिर मगरमच्छ सड़क पर कैसे आया?
अधिकारियों के मुताबिक, वडोदरा नगर निगम द्वारा बाढ़ नियंत्रण योजना के तहत नदी से जुड़ी नहरों और पुलियों की सफाई कराई जा रही है। इसी वजह से मगरमच्छों के प्राकृतिक ठिकानों में विकृति आई है, जिससे वे नए इलाकों की तलाश में बाहर निकल रहे हैं।
वन विभाग ने बताया कि जून के मध्य से अब तक 8-9 मगरमच्छ अलग-अलग इलाकों से रेस्क्यू किए जा चुके हैं। ये ज्यादातर दो फीट लंबे छोटे मगरमच्छ थे, जो पास के नालों से निकले थे। फिलहाल लोगों से अपील की गई है कि वे सावधानी बरतें और वन विभाग को तुरंत सूचना दें।





