सीपी राधाकृष्णन आज लेंगे 15वें उपराष्ट्रपति पद की शपथ, राष्ट्रपति मुर्मू दिलाएंगी पदभार

दिल्ली। नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन आज सुबह 10:30 बजे राष्ट्रपति भवन में पद की शपथ लेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उन्हें देश के 15वें उपराष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगी। शपथग्रहण समारोह में ओडिशा और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के भी शामिल होने की संभावना है।
शपथ के तुरंत बाद उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन दोपहर 12:30 बजे राज्यसभा के सभी नेताओं के साथ बैठक करेंगे। यह घोषणा गुरुवार देर रात की गई थी। राधाकृष्णन को 9 सितंबर को हुए चुनाव में विपक्षी उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी पर 152 वोटों की बढ़त से जीत मिली थी। उन्हें 452 वोट मिले, जबकि रेड्डी को 300 से कम वोट मिले। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें जीत की बधाई दी और व्यक्तिगत रूप से मुलाकात भी की।
नई जिम्मेदारी संभालने से पहले राधाकृष्णन ने गुरुवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया। राष्ट्रपति मुर्मू ने उनके इस्तीफे को स्वीकार करते हुए गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को महाराष्ट्र का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।
चुनाव प्रक्रिया में 98.2% मतदान हुआ। 781 सांसदों में से 767 ने वोट डाले। इनमें से 752 वैध और 15 अमान्य रहे। दिलचस्प यह रहा कि एनडीए उम्मीदवार राधाकृष्णन को अपेक्षा से 14 वोट ज्यादा मिले। YSRCP के 11 सांसदों ने भी उनका समर्थन किया, जबकि 13 सांसदों ने मतदान से परहेज किया। इससे विपक्षी खेमे में क्रॉस-वोटिंग की चर्चाएं तेज हैं।
सीपी राधाकृष्णन का राजनीतिक करियर लंबे समय से सक्रिय रहा है। 16 वर्ष की उम्र में वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े और 1974 में भारतीय जनसंघ की राज्य कार्यकारिणी समिति के सदस्य बने। आज वे देश के दूसरे सर्वोच्च संवैधानिक पद की शपथ लेने जा रहे हैं।





