दंपति ने तीन बच्चों संग की आत्महत्या, जहर खाने का संदेह

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद जिले के बगोदरा गांव से रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक ही परिवार के पांच लोगों के शव उनके घर से बरामद हुए हैं। मृतकों में एक दंपति और उनके तीन नाबालिग बच्चे शामिल हैं। पुलिस को संदेह है कि सभी ने जहर खाकर सामूहिक आत्महत्या की है।
अहमदाबाद (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश जाट ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना देर रात करीब दो बजे सामने आई। प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस के अनुसार, मृतक व्यक्ति विपुल वाघेला (32) ऑटो रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसके साथ उसकी पत्नी सोनल (26) और तीन बच्चे करीना (11), मयूर (8) और राजकुमारी (5) भी मृत पाए गए। सभी एक किराए के मकान में रहते थे।
बगोदरा थाना पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों व आस-पड़ोस से पूछताछ की जा रही है ताकि आत्महत्या की वजह स्पष्ट हो सके। यह घटना पूरे इलाके में शोक और चिंता का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोग और रिश्तेदार इस हादसे से स्तब्ध हैं। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।





