धर्मांतरण रैकेट का खुलासा: 20 लोग पकड़े गए; फादर और पत्नी पर गंभीर आरोप

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के आदर्श नगर क्षेत्र में रविवार को धर्मांतरण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि एक घर में गुप्त रूप से धर्मांतरण का कार्यक्रम चल रहा है। इस सूचना पर कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और करीब 20 लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
स्थानीय लोगों और विहिप कार्यकर्ताओं का आरोप है कि आदर्श नगर स्थित एक घर में प्रार्थना सभा के नाम पर लोगों को बुलाया गया था। उन्हें यह भरोसा दिलाया गया था कि प्रार्थना से बीमारियां ठीक हो सकती हैं, लेकिन इस सभा के पीछे ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया जा रहा था।
फादर और पत्नी की भूमिका संदिग्ध
पूरे घटनाक्रम में एक फादर और उनकी पत्नी की भूमिका सबसे अधिक संदिग्ध मानी जा रही है। आरोप है कि ये दोनों लंबे समय से धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियों में लिप्त हैं और लोगों को बीमारी से ठीक करने का झांसा देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
विहिप ने जताई नाराजगी, कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलने पर विहिप कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की और प्रशासन से इस रैकेट की पूरी जांच करने को कहा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और सभी पकड़े गए लोगों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी।





