वक्फ संशोधन विधेयक पर विवाद: राहुल गांधी का सरकार पर हमला, अन्य समुदायों को लेकर जताई चिंता

नई दिल्ली। संसद से वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक 2024 पास हो गया है, लेकिन इसको लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस और कई विपक्षी दलों ने इस बिल का विरोध किया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस विधेयक को मुसलमानों पर हमला बताया और आशंका जताई कि भविष्य में अन्य समुदायों को भी निशाना बनाया जा सकता है।
राहुल गांधी का बयान
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक खबर शेयर करते हुए लिखा, “मैंने कहा था कि वक्फ विधेयक अभी मुसलमानों पर हमला करता है, लेकिन भविष्य में अन्य समुदायों को भी निशाना बनाया जाएगा। वक्फ के बाद अब आरएसएस का ध्यान ईसाइयों की ओर जाने में ज्यादा समय नहीं लगा। संविधान ही एकमात्र ढाल है जो हमारे लोगों को ऐसे हमलों से बचाता है – और इसकी रक्षा करना हमारा सामूहिक कर्तव्य है।”
राहुल गांधी का ट्वीट
राहुल ने जिस खबर को शेयर किया, उसमें दावा किया गया है कि वक्फ संशोधन विधेयक के बाद आरएसएस की नजर अब कैथोलिक चर्च की जमीन पर है। यह खबर आरएसएस से जुड़ी पत्रिका “ऑर्गनाइजर” की वेबसाइट पर प्रकाशित एक लेख पर आधारित है, जिसका शीर्षक था – “भारत में किसके पास अधिक भूमि है? कैथोलिक चर्च बनाम वक्फ बोर्ड बहस”। इसमें बताया गया है कि कैथोलिक संस्थानों के पास 7 करोड़ हेक्टेयर ज़मीन है, जो उन्हें देश का सबसे बड़ा गैर-सरकारी ज़मीन मालिक बनाता है।
संसद में कैसे पास हुआ विधेयक?
वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक, 2024 को पहले लोकसभा और फिर राज्यसभा से पास किया गया। लोकसभा में बिल के पक्ष में 288 वोट पड़े, जबकि 232 सांसदों ने इसका विरोध किया। राज्यसभा में 128 वोट बिल के पक्ष में और 95 विरोध में पड़े। चर्चा के दौरान विपक्ष ने जमकर हंगामा किया।
राज्यसभा से बिल पास होने के बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस इस बिल के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएगी। वहीं, तमिलनाडु की पार्टी डीएमके ने भी अदालत में याचिका दाखिल करने की बात कही है।
अब यह विधेयक राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। उनकी सहमति के बाद यह कानून बन जाएगा।





