अमेरिका में इमिग्रेशन कार्रवाई पर विवाद, पांच साल के बच्चे को पिता के साथ डिटेंशन सेंटर भेजा गया

अमेरिका में इमिग्रेशन कार्रवाई के दौरान एक पांच साल के बच्चे को उसके पिता के साथ डिटेंशन सेंटर भेजे जाने का मामला सामने आया है। स्कूल प्रशासन के अनुसार यह हाल के दिनों में ऐसा चौथा मामला है, जब किसी छात्र को इमिग्रेशन एजेंट्स ने हिरासत में लिया है।
घटना पर अमेरिका की पूर्व उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि बच्चा अपने परिवार के साथ घर पर होना चाहिए था, न कि उसे टेक्सास के डिटेंशन सेंटर में रखा जाना चाहिए। उन्होंने इस कार्रवाई को अमानवीय बताते हुए लोगों से इसका विरोध करने की अपील की।
स्कूल प्रशासन के अनुसार फेडरल एजेंट्स बच्चे को उसके घर के बाहर खड़ी कार से ले गए थे। इस दौरान एजेंट्स ने बच्चे से घर का दरवाजा खटखटाने को कहा, ताकि अंदर मौजूद लोगों की जानकारी मिल सके। इस तरीके पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
परिवार के वकील ने बताया कि बच्चे और उसके पिता को टेक्सास के एक इमिग्रेशन डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। दोनों को फैमिली होल्डिंग सेल में रखे जाने की संभावना है। वकील ने कहा कि उन्हें रिहा कराने के लिए कानूनी और नैतिक विकल्पों पर विचार किया जा रहा है।
वहीं, इमिग्रेशन विभाग ने अपने बयान में कहा है कि किसी बच्चे को जानबूझकर निशाना नहीं बनाया गया। एजेंट्स बच्चे के पिता को गिरफ्तार करने पहुंचे थे, जो अवैध रूप से अमेरिका में रह रहे थे। कार्रवाई के दौरान पिता भागने लगे, जिसके बाद बच्चे की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक अधिकारी उसके साथ रहा।
विभाग के अनुसार ऐसे मामलों में माता-पिता को यह विकल्प दिया जाता है कि वे अपने बच्चों के साथ रहें या उन्हें किसी परिचित की देखरेख में छोड़ दें। इस घटना के बाद अमेरिका में इमिग्रेशन नीति और मानवीय पहलुओं को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है।





