अवैध रेत खनन रोकने के दौरान सिपाही की हत्या, हाईकोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अवैध रेत खनन को रोकने के दौरान सिपाही शिव बचन सिंह की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। इस गंभीर घटना पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार से जवाब मांगा है।
मुख्य न्यायाधीश ने इस मामले को अवकाशकालीन पीठ के सामने रखा, जहां सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि राज्य में बार-बार अवैध खनन को रोकने के निर्देश दिए जा रहे हैं, लेकिन फिर भी ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जो बहुत ही चिंता का विषय है। कोर्ट ने खनिज सचिव और वन विभाग को नोटिस जारी करते हुए इस मामले पर विस्तृत जवाब मांगा है। अगली सुनवाई 9 जून को होगी।
कैसे हुई घटना
यह घटना रविवार की रात बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र में हुई, जो झारखंड की सीमा से सटा हुआ इलाका है। वन विभाग और पुलिस की टीम अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। उसी दौरान कांस्टेबल शिव बचन सिंह ने एक रेत से लदे ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की, लेकिन एक अन्य ट्रैक्टर चालक ने उन्हें कुचलते हुए वाहन दौड़ा दिया और मौके से फरार हो गया। घायल सिपाही को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में पहले से ही नदियों में हो रहे अवैध रेत खनन के खिलाफ कई याचिकाओं पर सुनवाई चल रही है। इस घटना ने अवैध खनन पर कानून व्यवस्था और प्रशासन की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।





