राजनांदगांव और दुर्ग में कांग्रेस की ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ यात्रा, सचिन पायलट करेंगे रैलियों को संबोधित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ यात्रा का आज तीसरा और अंतिम दिन है। सचिन पायलट आज राजनांदगांव के रेवाडीह से यात्रा की शुरुआत करेंगे।
यात्रा शहर भर में जाएगी और विभिन्न चौक-चौराहों पर स्वागत किया जाएगा। पायलट सुबह 11 बजे जयस्तंभ चौक पर सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे वे दुर्ग के लिए रवाना होंगे, जहां भी रैली और सभा आयोजित होगी। इसके बाद 3 बजे भिलाई में पदयात्रा होगी।
यात्रा के दूसरे दिन बिलासपुर के बेलतरा में सचिन पायलट ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के साथ मिलकर बीजेपी वोट चोरी कर रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग जिंदा हैं, उन्हें चुनाव आयोग ने मरा बता दिया और करोड़ों वोटर्स के नाम काट दिए गए।
मुंगेली में पायलट ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार केवल नाम की है और धर्म-जाति के नाम पर लोगों को भड़काकर सत्ता में बनी हुई है। वोट चुराकर सत्ता हासिल करने वालों को गद्दी छोड़नी पड़ेगी।
पायलट ने हस्ताक्षर अभियान की भी जानकारी दी, जिसे दिल्ली में चुनाव आयोग को सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि ED ने 5,000 से अधिक मामले दर्ज किए, लेकिन केवल छह लोगों को दोषी ठहराया गया, बाकी भाजपा के इशारे पर डराने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुंगेली में कहा कि बिजली कटौती और बढ़ते बिलों से जनता परेशान है। किसान पंजीयन में गड़बड़ी हो रही है और प्रदेश की जनता की कोई परवाह नहीं की जा रही।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में लोगों से वोट का अधिकार छीना जा रहा है। वहीं कांग्रेस के नेता बैज ने कहा कि राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और बीजेपी के गठबंधन को बेनकाब किया और जनता को न्याय दिलाने के लिए इस यात्रा का आयोजन किया गया।





