कोटा में कांग्रेस का चक्काजाम, सड़क-बिजली-खाद की समस्याओं पर हंगामा

कोटा। कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को नाका चौक में चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। विधायक अटल श्रीवास्तव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर विरोध जताया।
प्रदर्शन में बिजली की अघोषित कटौती, किसानों को खाद न मिलना, सड़क निर्माण अधूरा छोड़ने और जगह-जगह गड्ढों से लोगों की परेशानी जैसे मुद्दे उठाए गए। साथ ही, खाद की कालाबाजारी और बेजाकब्जा हटाने में प्रशासन की लापरवाही पर भी कांग्रेस ने निशाना साधा।
चक्काजाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला भी जाम में फंस गए, हालांकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बातचीत के बाद उन्हें निकलने दिया।
इसी बीच, बिलासपुर इलाज के लिए जा रही एक बीमार बच्ची जाम में फंसी बस में बैठी थी। हालात को देखते हुए विधायक अटल श्रीवास्तव और ब्लॉक अध्यक्ष आदित्य दीक्षित ने अपनी कार से बच्ची को अस्पताल पहुंचाया।
सुरक्षा के लिए मौके पर एडिशनल एसपी अर्चना झा, SDOP नूपुर उपाध्याय और थाना प्रभारी सहित पुलिस बल तैनात रहा।





