संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस ने ऑब्जर्वरों की सूची जारी, यूपी और नागालैंड में छत्तीसगढ़ नेताओं को जिम्मेदारी

कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने ऑब्जर्वरों की सूची जारी की है। कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी के बाद इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
इस अभियान के तहत बिहार, उत्तर प्रदेश, गोवा, नागालैंड, मणिपुर और मेघालय में जिला अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रत्येक राज्य में ऑब्जर्वर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर संगठनात्मक प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे। पार्टी का उद्देश्य जिला स्तर पर पारदर्शी और मजबूत नेतृत्व तैयार करना है।
उत्तर प्रदेश में छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम को ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। उनके साथ अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह और पूर्व मंत्री शिव डहरिया को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में इन नेताओं की भूमिका को संगठन के लिए अहम माना जा रहा है।
नागालैंड में छत्तीसगढ़ सरकार के पूर्व मंत्री उमेश पटेल को ऑब्जर्वर बनाया गया है। उन्हें वहां संगठन को मजबूत करने और जिला स्तर पर नेतृत्व चयन की प्रक्रिया को गति देने की जिम्मेदारी दी गई है।
कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान पार्टी को नए सिरे से सशक्त बनाने की रणनीति का हिस्सा है। इसके तहत कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने, संगठन को अधिक लोकतांत्रिक बनाने और आगामी चुनावों के लिए मजबूत ढांचा तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि अनुभवी नेताओं की तैनाती से संगठनात्मक अनुभव का लाभ मिलेगा और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूती मिलेगी।





