बीच सड़क केक काटकर जन्मदिन मना रहे थे कांग्रेस नेता, जिला अध्यक्ष सहित 10 लोग गिरफ्तार

रायपुर : राजधानी रायपुर से एक बार फिर बीच सड़क केक काटकर जन्मदिन मनाने का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विनोद कश्यप उर्फ भक्कू सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया है. दरअसल विनोद कश्यप ने रविवार रात बीच सड़क पर आतिशबाजी और केक काटकर जन्मदिन मनाया। जिसके वीडियो भी सामने आए हैं। अब पुलिस ने जिला अध्यक्ष समेत 10 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि, CSP ने पहले जयस्तंभ चौक पर केक काटने से मना किया, तो वहां से चले गए। इसके बाद सुंदर नगर चौक पर चले गए, जहां बीच सड़क पर आतिशबाजी कर केक काटा। जिनको गश्त पर निकले SSP ने पकड़ लिया।
सुंदर नगर रहवासियों ने बताया कि, 12 बजे रात को बर्थडे के दौरान जमकर आतिशबाजी की जा रही थी। जिस कारण रात में लोग परेशान होते रहे। इसलिए डायल 112 को कॉल कर मामले की शिकायत की गई थी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले एसएसपी पहुंच गए।
बता दें कि, 2 सप्ताह रायपुर में मुंबई-कोलकाता नेशनल हाईवे पर बीच सड़क केक काटने के केस में हाईकोर्ट ने सरकार को फटकार लगाई थी। साथ ही 300 रुपए की चालानी कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर की थी। कोर्ट ने कहा कि अगर कोई आम आदमी ऐसा करता तो उसे गुंडा-बदमाश बताकर जेल में डाल देते।





