धमतरी में कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला: शैलेश नितिन त्रिवेदी बोले- महंगाई और बेरोजगारी रोकने में विफल रही मोदी सरकार

छत्तीसगढ़ के धमतरी में कांग्रेस नेता और पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बढ़ती कीमतों और आर्थिक दबाव से आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हुआ है।
महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर सरकार को घेरा
शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता की परेशानियां बढ़ा दी हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार बनने के बाद पेट्रोल के दाम 70 रुपए प्रति लीटर से बढ़कर 100 रुपए के पार पहुंच गए हैं। साथ ही सोने की कीमतों में भारी वृद्धि का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि महंगाई की वजह से रसोई का बजट बिगड़ चुका है और आम परिवारों पर आर्थिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। कांग्रेस नेता ने किसानों को खाद की कमी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे उत्पादन प्रभावित होगा और किसानों को नुकसान उठाना पड़ेगा।
बेरोजगारी और आम लोगों की समस्याओं का मुद्दा उठाया
प्रेस वार्ता में त्रिवेदी ने कहा कि सरकार लोगों को ‘वर्क फ्रॉम होम’ जैसी सलाह दे रही है, लेकिन फील्ड में काम करने वाले, छोटे व्यापारियों और फेरी लगाने वालों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह असफल रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि आम लोगों की आय घट रही है, जबकि खर्च लगातार बढ़ रहे हैं।
विदेश यात्राओं और अर्थव्यवस्था को लेकर साधा निशाना
शैलेश नितिन त्रिवेदी ने प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार जनता को खर्च कम करने की सलाह दे रही है, जबकि खुद विदेश दौरों पर करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में देश की अर्थव्यवस्था मजबूत स्थिति में थी, जबकि वर्तमान समय में आर्थिक हालात कमजोर हुए हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार को महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर ठोस कदम उठाने चाहिए।





