महासमुंद: कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं और जनकल्याण कार्यों की की समीक्षा

महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभिन्न विभागीय योजनाओं, लंबित मामलों और कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए समय-सीमा बैठक आयोजित की। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी और सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, वीसी के माध्यम से जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ और ब्लॉक स्तर के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में कलेक्टर ने 12 और 13 अक्टूबर को होने वाले कलेक्टर कांफ्रेंस की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने विभागों को निर्देश दिए कि अपने कार्यों और उपलब्धियों को अटल मॉनिटरिंग पोर्टल पर दर्ज करें। मुख्यमंत्री की घोषणाओं के अनुसार गढ़फुलझर, खल्लारी और दुर्गापाली में कार्यों में प्रगति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सभी ग्राम पंचायतों में 14 अक्टूबर तक ग्राम सभाओं के आयोजन, एग्रीस्टेक पंजीयन, डिजिटल क्रॉप सर्वे और मैन्युअल गिरदावरी सूची को अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने और पढ़ने का निर्देश दिया। इसके अलावा, प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत शेष आवासों का निर्माण पूर्ण करने और रोज़ाना प्रगति बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में सांसद खेल महोत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने खेल प्रतियोगिताओं के लिए मैदान की तैयारी, खेल सामग्री की उपलब्धता, एंबुलेंस की व्यवस्था और आवास में शौचालयों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही समय-सीमा में प्राप्त पत्रों, जनशिकायत निवारण, लोक सेवा गारंटी अधिनियम और न्यायालयीन प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।





