कलेक्टर ने पिथौरा धान संग्रहण केंद्र का किया निरीक्षण, जल्द उठाव के दिए निर्देश

महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सोमवार को पिथौरा के धान संग्रहण केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां रखे गए धान के भंडारण, सुरक्षा, परिवहन और उठाव की स्थिति को देखा और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि बरसात के मौसम में धान खराब न हो, इसके लिए जल्द से जल्द उठाव की प्रक्रिया पूरी की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर धान भीगकर खराब होता है तो नुकसान को हर हाल में रोका जाए।
मौके पर मौजूद डीएमओ राठौर ने बताया कि केंद्र में अब तक 2 लाख 53 हजार क्विंटल धान रखा गया है, जिसमें से 50 हजार क्विंटल का डिलिवरी ऑर्डर जारी हो चुका है। इस पर कलेक्टर ने फूड विभाग और परिवहन एजेंसी को तुरंत उठाव शुरू करने को कहा, ताकि इसमें कोई देरी न हो।
कलेक्टर ने संग्रहण केंद्र तक जाने वाले रास्ते की हालत देखकर निर्देश दिए कि बारिश में कीचड़ और पानी से दिक्कत न हो, इसके लिए सड़क पर मुरुम या गिट्टी डालकर मरम्मत की जाए।
उन्होंने गोदामों की साफ-सफाई, तिरपाल की व्यवस्था, नमी नियंत्रण और सुरक्षा इंतजाम भी जांचे। कलेक्टर ने कहा कि सभी कर्मचारियों की ड्यूटी तय की जाए और उठाव के काम में पारदर्शिता बनी रहे।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हर दिन उठाव की प्रगति रिपोर्ट पेश की जाए और किसी भी तरह की लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई होगी।





