कलेक्टर ने ली राइस मिलर्स की बैठक, धान की नीलामी में भागीदारी के दिए निर्देश

जगदलपुर:जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में राइस मिलर्स की बैठक आयोजित की। इस बैठक में जिले के विभिन्न राइस मिल मालिकों को शेष बचे हुए धान की नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने के निर्देश दिए गए। जानकारी के अनुसार, नीलामी के प्रथम चरण के बाद लगभग 700 स्टैक धान अब भी जिले के संग्रहण केंद्रों में सुरक्षित है, जिनकी नीलामी की जानी है।
नीलामी प्रक्रिया का दूसरा चरण 13 मई से
राज्य शासन द्वारा बचे हुए धान की विक्रय दर निर्धारित कर नीलामी की जा रही है। इस नीलामी का प्रथम चरण पूर्ण हो चुका है और अब दूसरा चरण 13 मई से शुरू होने जा रहा है। बताया गया कि नान और एफसीआई को आवंटन के बाद जिले में कुल 1100 स्टैक धान शेष था, जिसमें से प्रथम चरण की नीलामी में 400 स्टैक धान उठ चुका है। अब 700 स्टैक धान विभिन्न संग्रहण केंद्रों में मौजूद हैं, जिनकी प्राइस मैचिंग कर राइस मिलर्स को उठाव के निर्देश दिए गए हैं।
विक्रय दरों का निर्धारण
राज्य शासन ने मोटा धान के पुराने बारदाना के लिए 1900 रुपए और नए बारदाना के लिए 1950 रुपए प्रति क्विंटल का विक्रय दर तय किया है। वहीं, पतला धान पुराने बोरे में 2050 रुपए और नए बोरे में 2100 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से बेचा जाएगा।
176 राइस मिलों का नेटवर्क
जिले में कुल 176 राइस मिलें हैं, जिनमें 155 अरवा मिल और 21 उसना राइस मिल शामिल हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आवंटित स्टैक का उठाव 15 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए।
इस अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा, ‘धान की नीलामी प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए राइस मिलर्स की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। समय पर उठाव सुनिश्चित करें ताकि शासन की योजनाओं का लाभ सही समय पर मिल सके।’
इस बैठक में जिला राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष बलबीर सिंह सलूजा सहित कई मिलर्स मौजूद रहे।





