महासमुंद: विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, कलेक्टर ने दिए अहम निर्देश

महासमुंद। कलेक्टर विनय लंगेह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक, अपर कलेक्टर रवि साहू, रविराज ठाकुर, सभी विभागों के अधिकारी और वीसी के माध्यम से जनपद सीईओ, सीएमओ तथा नगरीय निकायों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर तेजी से काम करने के निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जिले में किए गए घोषणाओं को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। उन्होंने सरायपाली और खल्लारी क्षेत्र में घोषित कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सभी योजनाओं की प्रगति अटल मॉनिटरिंग पोर्टल के माध्यम से निगरानी की जा रही है, इसलिए सभी विभागों को अपनी मासिक उपलब्धियों की जानकारी समय पर पोर्टल में अपडेट करनी होगी।
जनकल्याण योजनाओं की समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री जनमन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड वितरण, बहुद्देशीय केंद्र जैसे प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि सभी हितग्राहियों को समय पर लाभ मिलना चाहिए और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की रुकावट नहीं होनी चाहिए।
पर्यावरण और जल संरक्षण पर जोर
कलेक्टर ने “एक पेड़ मां के नाम” और “मोर गांव मोर पानी” अभियानों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने जल स्रोतों की सफाई, खुले में गंदगी की रोकथाम और स्वच्छता अभियान तेज करने के निर्देश दिए। अब तक जिले में 8265 प्रधानमंत्री आवासों और अन्य स्थानों पर 5000 सोख्ता गड्ढे तथा 178 इंजेक्शन वेल बनाए जा चुके हैं।
जर्जर भवनों में नहीं चलेगा संचालन
कलेक्टर ने साफ निर्देश दिए कि किसी भी जर्जर भवन में स्कूल, आंगनबाड़ी या हॉस्टल का संचालन न किया जाए। ऐसे भवनों को तुरंत खाली कर सामुदायिक या अन्य शासकीय भवनों में वैकल्पिक व्यवस्था की जाए और जर्जर भवनों को तोड़ने की कार्रवाई भी की जाए।
राज्य रजत जयंती समारोह की तैयारियां
छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती को लेकर कलेक्टर ने सभी विभागों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। यह समारोह 16 अगस्त से 31 मार्च तक चलेगा, जिसमें राज्य की विकास यात्रा और उपलब्धियों को जनता के सामने लाया जाएगा।
आवारा मवेशी और अवैध शराब पर सख्त निर्देश
सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों को लेकर कलेक्टर ने नगरीय निकाय और जनपद सीईओ की ड्यूटी तय करने और सख्ती से अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर लगातार कार्रवाई करने को कहा गया।
खाद वितरण और डिजिटल प्रशासन पर ध्यान
खाद की उपलब्धता पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद मिले, इसकी निगरानी जरूरी है। साथ ही, निजी संस्थानों में ओवर स्टॉक पाए जाने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अंत में कलेक्टर ने सभी विभागों को ई-ऑफिस प्रणाली अपनाने और फाइलों की डिजिटल मूवमेंट सुनिश्चित करने के लिए कहा।
बैठक में समय-सीमा पत्रकों और जनता से जुड़े राजस्व प्रकरणों की भी समीक्षा की गई और उन्हें प्राथमिकता से हल करने के निर्देश दिए गए।





