शीतलहर का प्रकोप: उत्तर और मध्य भारत में कड़ाके की ठंड, कई राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट

दिल्ली। देश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में एक बार फिर कड़ाके की ठंड दस्तक देने लगी है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे चला गया है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 13 दिसंबर तक शीतलहर की स्थिति बने रहने की चेतावनी जारी की है। वहीं, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में अगले पांच दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में भी 11 से 15 दिसंबर तक दृश्यता कम रहने की आशंका है।

राजधानी दिल्ली में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। बुधवार को दिसंबर में पहली बार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आज आसमान साफ रहेगा, हल्का कोहरा भी दिख सकता है। अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 8 डिग्री के आसपास रह सकता है। 12 से 14 दिसंबर के बीच आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि 15-16 दिसंबर को मौसम साफ रहेगा।

उत्तर प्रदेश में कोहरा और ठंड दोनों बढ़ने के संकेत हैं। पूर्वी यूपी के तराई क्षेत्र में घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया गया है और यह स्थिति 16 दिसंबर तक जारी रह सकती है। बिहार में भी हवा की दिशा बदलने के कारण ठंड बढ़ने के आसार हैं। उत्तर बिहार में 14 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन पारा गिर सकता है।

उत्तराखंड में तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है और हरिद्वार व उधम सिंह नगर में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। राजस्थान में भी धीरे-धीरे ठंड बढ़ रही है, जहां नागौर में तापमान सबसे कम रिकॉर्ड किया गया। देशभर में बढ़ती ठंड के बीच लोगों को सावधानी बरतने और मौसम अलर्ट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई