शुक्राना यात्रा में CM भगवंत मान का BJP और अकाली दल पर हमला, बोले- पंजाब में नहीं चलेगी नफरत की राजनीति

पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान की शुक्राना यात्रा जारी है। यात्रा के तीसरे दिन शुक्रवार को इसकी शुरुआत बठिंडा से हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मानसा, सरदूलगढ़ समेत कई इलाकों का दौरा किया और बीजेपी व अकाली दल पर जमकर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि जिन्होंने 52 साल तक आरएसएस कार्यालय पर तिरंगा नहीं फहराया, वे आज देशभक्ति का प्रमाण पत्र बांट रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की लोगों को आपस में लड़ाने की राजनीति पंजाब में सफल नहीं होगी।
उन्होंने पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए कहा कि वहां सरकार बनने के बाद हिंसा की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पंजाब में ऐसा माहौल नहीं बनने दिया जाएगा। मान ने लोगों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि पंजाब की जनता प्रेम और भाईचारे के लिए हमेशा खड़ी रहती है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बेअदबी के मुद्दे पर भी अकाली दल के नेताओं सुखबीर सिंह बादल और बिक्रम मजीठिया पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बेअदबी के दोषियों को जेल जाना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लोगों का शुक्राना यात्रा को भरपूर समर्थन मिल रहा है। यह यात्रा संगरूर में समाप्त होगी और इसके बाद फतेहगढ़ साहिब के लिए रवाना होगी। यात्रा की शुरुआत 6 मई को श्री आनंदपुर साहिब से हुई थी।





