सीएम विष्णु देव साय आज दुर्ग–जगदलपुर दौरे पर, कुम्हडाकोट में जनजातीय गौरव वाटिका का करेंगे लोकार्पण

रायपुर।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दुर्ग और जगदलपुर जिले के प्रवास पर रहेंगे। अपने दौरे की शुरुआत वे दुर्ग से करेंगे, जहां एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री जगदलपुर जिले के कुम्हडाकोट पहुंचकर शाम 5.25 बजे जनजातीय गौरव वाटिका के लोकार्पण कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। साथ ही वे सर्किट हाउस, जगदलपुर में शासन की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद भी करेंगे।
दुर्ग में अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण की बैठक
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि दुर्ग दौरे के दौरान वे अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण की बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में संबंधित जनप्रतिनिधि, मंत्री और अधिकारी मौजूद रहेंगे, जहां क्षेत्र के विकास से जुड़े अहम विषयों पर चर्चा की जाएगी।
बस्तर पंडुम को लेकर उत्साह
सीएम साय ने जानकारी दी कि शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आएंगी। वे बस्तर पंडुम के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका दौरा हमेशा महत्वपूर्ण होता है। बस्तर पंडुम का यह दूसरा आयोजन है, जिसके समापन कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल होंगे। इसे लेकर पूरे बस्तर अंचल में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।





