धर्मांतरण पर सीएम साय का सख्त रुख: आगामी विधानसभा सत्र में बनेगा कड़ा कानून

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में बढ़ते धर्मांतरण मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा ऐलान किया है। रविवार को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय हिंदू राष्ट्र अधिवेशन में उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा सत्र में धर्मांतरण को रोकने के लिए कठोर कानून लाया जाएगा। इसके लिए कानून का मसौदा तैयार कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पहले से लागू कानून में जरूरी बदलाव कर उसे इतना प्रभावशाली बनाया जाएगा कि राज्य में धर्मांतरण करना लगभग असंभव हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई फिर भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीएम साय ने यह भी कहा कि प्रदेश की तीन करोड़ जनता के विश्वास और समर्थन के बल पर सरकार लगातार विकास के मार्ग पर अग्रसर है और साथ ही सनातन मूल्यों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
इस अधिवेशन में प्रदेशभर के सौ से अधिक संगठनों के करीब 250 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने धर्मांतरण पर रोक के अलावा लव जिहाद विरोधी कानून, बांग्लादेशी घुसपैठियों पर कार्रवाई और धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत की रक्षा पर जोर दिया। सरकार के इस फैसले को लेकर हिंदू संगठनों ने समर्थन जताया है और इसे समाज की सुरक्षा की दिशा में एक मजबूत कदम बताया है। अब सभी की नजर आगामी विधानसभा सत्र पर है, जिसमें इस कानून को पेश किया जाएगा।





